Jamshedpur : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की सभापति सह कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव की अध्यक्षता में परिसदन सभागार, जमशेदपुर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति सदस्य सह विधायक रौशन लाल चौधरी एवं सुरेश बैठा उपस्थित रहे।
बैठक में आपदा प्रबंधन, पेयजल एवं स्वच्छता, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई, शिक्षा, नियोजन, सामाजिक सुरक्षा, परिवहन, पशुपालन, उद्योग, राजस्व, पथ निर्माण और समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
समिति ने आपदा प्रबंधन विभाग को मुआवजा भुगतान सहित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। वहीं कल्याण विभाग को छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा गया।
वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराने तथा शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों की सहभागिता से विद्यालय परिसरों में फलदार पौधे लगाने का निर्देश दिया गया। सभापति ने जिला शिक्षा अधीक्षक से विद्यालयों में शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
राजस्व लक्ष्य पूरा करने पर जोर
बैठक में ऊर्जा विभाग से विद्युत उपलब्धता की स्थिति तथा राजस्व, उत्पाद, खनन, वाणिज्यकर एवं परिवहन विभागों से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध राजस्व प्राप्ति की जानकारी ली गई। समिति ने संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में राजस्व संग्रहण के लक्ष्य हासिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
अस्पतालों में एंटीवेनम की उपलब्धता अनिवार्य
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान समिति ने जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं के साथ एंटीवेनम की उपलब्धता अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
समिति ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं एवं क्रियान्वित कार्यों की अद्यतन रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने को भी कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

















