Jamshedpur : शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी एवं छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी एवं छिनतई से संबंधित 31 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान के आधार पर पुलिस गिरोह द्वारा पूर्व में अंजाम दी गई अन्य वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संगठित तरीके से चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों में घूमकर लोगों को निशाना बनाते और मौका मिलते ही मोबाइल, आभूषण एवं अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाते थे।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की गतिविधियों और नेटवर्क से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पांचों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में गिरोह से जुड़े अन्य मामलों एवं संभावित सहयोगियों के संबंध में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है।
बरामद मोबाइल के मालिकों की होगी पहचान
पुलिस अब बरामद 31 मोबाइल फोन और सोने के आभूषणों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर रही है। साथ ही इन सामानों को पूर्व में दर्ज चोरी एवं छिनतई के मामलों से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने जमशेदपुर के किन-किन थाना क्षेत्रों में वारदातों को अंजाम दिया है। गिरफ्तार सभी पांच आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में चोरी और छिनतई की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

















