चांडिल डैम का जलस्तर 181.27 मीटर पहुंचा, 13 रेडियल गेट खोले गए

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil :  लगातार हो रही बारिश के कारण चांडिल डैम का जलस्तर बढ़कर 181.27 मीटर पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने डैम प्रबंधन से वार्ता कर 13 रेडियल गेट खुलवाए हैं। इनमें चार गेट 2.5 मीटर और नौ गेट 1.5 मीटर तक खोले गए हैं।

जलस्तर बढ़ने के बाद विधायक लगातार डैम की स्थिति और आसपास के क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने डैम प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते हुए सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

विधायक ने चांडिल डैम से प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया है।

विधायक ने क्षेत्रवासियों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्तर, बारिश और निचले इलाकों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिस्थिति के अनुसार गेटों की संख्या और पानी निकासी की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.