ग्रेजुएट कॉलेज में तुलसी जयंती पर गूंजा रामचरितमानस का संदेश, छात्राओं ने जाना तुलसी का जीवन-दर्शन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur :दि ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वूमेन के हिंदी विभाग के तत्वावधान में बुधवार को मध्यकालीन भक्ति काव्य के महान संत-कवि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती श्रद्धा और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. वीणा सिंह प्रियदर्शी ने तुलसीदास के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रियदर्शी ने कहा कि तुलसीदास की लोकप्रियता जन-जन और घर-घर तक है। रामायण की चर्चा होते ही श्रीरामचरितमानस का स्मरण होना उनकी रचनात्मक महानता का परिचायक है।

मुख्य वक्ता डॉ. राकेश कुमार पाण्डेय ने तुलसी साहित्य के दार्शनिक एवं व्यावहारिक पक्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तुलसीदास केवल भक्ति काल के शीर्ष कवि नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और मूल्यों के महान पुनर्जागरणकर्ता थे। उन्होंने श्रीरामचरितमानस के माध्यम से मर्यादा, लोकमंगल और भ्रातृत्व का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि तुलसीदास ने अवधी और ब्रज जैसी जनभाषाओं के माध्यम से ज्ञान एवं नैतिक चेतना को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाया। उनका साहित्य ज्ञान-भक्ति, सगुण-निर्गुण और विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच समन्वय स्थापित करता है। आज के उपभोक्तावादी दौर में तुलसी के पारिवारिक आदर्श, कर्तव्यनिष्ठा और संयम मानवीय मूल्यों की रक्षा में महत्वपूर्ण हैं।

अध्यक्षता करते हुए हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. भारती कुमारी ने व्याख्यान की सराहना की और छात्राओं से तुलसीदास के जीवन-मूल्यों को आचरण में उतारने का आह्वान किया। संचालन सेमेस्टर-7 की छात्रा प्रेरणा बारीक और धन्यवाद ज्ञापन सेमेस्टर-4 की छात्रा सुनीता गिरी ने किया। कार्यक्रम में हिंदी विभाग की छात्राओं समेत सेमेस्टर-4 और 7 की छात्राएं उपस्थित रहीं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.