कोल्हान में मूसलाधार बारिश से बाढ़ का खतरा गहराया, स्वर्णरेखा-खरखाई उफान पर, 2500 से अधिक घर प्रभावित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : कोल्हान में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में बाढ़ का संकट गहरा गया है। स्वर्णरेखा और खरखाई नदियां उफान पर हैं और दोनों नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद निचले इलाकों में पानी तेजी से फैल रहा है। कई इलाकों में घरों के अंदर पानी घुस गया है, जिसके बाद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान तेज कर दिया गया है।

छोटा ब्रिज भी जलमग्न होने के कगार पर

लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण खरखाई नदी का पानी छोटा ब्रिज के आसपास तक पहुंच गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए आसपास रहने वाले लोगों में चिंता और दहशत का माहौल है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

2500 से अधिक घर प्रभावित

बाढ़ के पानी ने बागबेड़ा न्यू टोला, आदित्यपुर, मानगो, ओल्ड पुरुलिया रोड, भुइयांडीह, ग्वाला बस्ती और कदमा के शास्त्रीनगर समेत कई निचले इलाकों को प्रभावित किया है। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, इन क्षेत्रों में 2500 से अधिक घरों में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है।

कई सड़कों के जलमग्न होने से आवागमन प्रभावित है। पानी तेजी से बढ़ने के कारण प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

NDRF ने संभाला मोर्चा

बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए NDRF की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं। जवान बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचकर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल रहे हैं। विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जा रहा है जहां पानी तेजी से बढ़ रहा है और लोगों का अपने स्तर पर निकलना मुश्किल हो गया है।

प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही जरूरत के अनुसार लोगों को सामुदायिक भवनों और स्कूलों में बनाए गए सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है।

डैम से पानी छोड़े जाने के बाद बढ़ा नदी का दबाव

लगातार बारिश के अलावा जलाशयों से पानी छोड़े जाने के कारण भी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। ओडिशा के बैंगबिल डैम के तीन फाटक और चांडिल डैम के 13 फाटक खोले जाने के बाद स्वर्णरेखा नदी में पानी का दबाव बढ़ा है। इससे जमशेदपुर के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है।

प्रशासन ने जारी की सतर्क रहने की अपील

जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए संबंधित विभागों और टीमों को सक्रिय रखा है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी किनारे, पुल-पुलिया और जलजमाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है।

फिलहाल लगातार बारिश और दोनों प्रमुख नदियों के उफान को देखते हुए जमशेदपुर में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यदि बारिश और जलस्तर में वृद्धि जारी रहती है तो आने वाले घंटों में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.