SIR-2026 को लेकर कोल्हान आयुक्त ने की समीक्षा बैठक, योग्य मतदाता सूची से वंचित न रहें : रविरंजन कुमार विक्रम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त, सिंहभूम (कोल्हान) रविरंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन, डीईओ, ईआरओ, एईआरओ एवं संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में SIR-2026 के तहत अब तक हुए कार्यों, प्रारूप मतदाता सूची तथा आगामी गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बताया गया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जा चुका है। वहीं, दावे एवं आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 5 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

योग्य मतदाता का नाम छूटे नहीं : आयुक्त

प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि SIR की प्रक्रिया के दौरान कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।



उन्होंने कहा कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार सत्यापन और निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा किसी भी त्रुटि को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधारने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

घर-घर सत्यापन और ASDD सूची की हुई समीक्षा

बैठक में घर-घर भ्रमण, Enumeration Form, ASDD सूची के सत्यापन तथा दावे-आपत्तियों के निष्पादन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद निर्धारित अवधि के अनुसार दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया जारी है।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी SIR को सफल बनाने में प्रशासन के साथ सहयोग और समन्वय की अपील की गई। बैठक में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी पक्षों के समन्वित प्रयास पर जोर दिया गया।

आयुक्त ने मतदान केंद्रों का किया भौतिक निरीक्षण

बैठक के बाद प्रमंडलीय आयुक्त ने 48-जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के आदर्श आरक्षी मध्य विद्यालय, गोलमुरी एवं इनकैब केरला पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्रों का भ्रमण कर SIR के तहत चल रहे कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया।

उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मतदाता सत्यापन, पात्र नागरिकों के पंजीकरण, मतदाता सूची की शुद्धता तथा घर-घर संपर्क अभियान की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सचिव क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार रुन्थु महतो, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.