Jamshedpur: बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में पिछले दो दिनों से जलापूर्ति ठप रहने के मामले में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त राजीव रंजन को 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टुपुर स्थित नए फिल्टर पंप हाउस समेत बागबेड़ा पंप हाउस की तकनीकी खामियों की उच्चस्तरीय जांच और स्थायी समाधान की मांग की।
मांग पत्र में कहा गया कि वर्ष 2025 में करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से नया फिल्टर पंप हाउस बनने के बावजूद लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल नहीं मिल रहा है। मोटर, फुटबॉल्व व अन्य उपकरणों की बार-बार खराबी, संप की क्षमता, एलम-ब्लीचिंग की उपलब्धता, निर्माण गुणवत्ता तथा संचालन-रखरखाव की जांच की मांग की गई।
इसके साथ ही जर्जर पानी टंकी की मरम्मत, संप व टंकी की सफाई, पानी की अधिकृत लैब से गुणवत्ता जांच, पर्याप्त ऑपरेटरों की नियुक्ति तथा तकनीकी खामियों या अनियमितता के लिए जिम्मेदार पदाधिकारी/संवेदक पर कार्रवाई की मांग रखी गई।
मामले पर उपायुक्त ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को 24 घंटे के भीतर जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभियंता को स्वयं पंप हाउस जाकर तकनीकी समस्याओं का समाधान कराने और कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने को कहा।
प्रतिनिधिमंडल में झरना मिश्रा, उमेश पांडे, कुमार विशाल, अजय सिंह बब्बु, राजनारायण यादव, संजय झा, श्रवण मिश्रा और नकुल उपाध्याय समेत अन्य शामिल थे।
















