कांवड़ यात्रा के दौरान भाजपा नेता सूरज मंडल पर जानलेवा हमला, दो अन्य साथी भी घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka  : कोवाली थाना क्षेत्र के टांगरायन पंचायत अंतर्गत कैरासाई गांव में रविवार देर रात कांवड़ यात्रा के दौरान जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा नेता सूरज मंडल पर कथित रूप से असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में सूरज मंडल समेत उनके दो साथी घनश्याम मंडल और रवि मोदक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का इलाज जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, सूरज मंडल अपने परिजनों और साथियों के साथ करीब 10-15 लोगों के समूह में कांवड़ लेकर पैदल हरिणा स्थित मुक्तेश्वर धाम मंदिर जलाभिषेक के लिए जा रहे थे। इसी दौरान कैरासाई गांव के समीप कुछ युवकों द्वारा कांवड़ लेकर जा रही महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक नारेबाजी किए जाने का उन्होंने विरोध किया।

सूरज मंडल के अनुसार, विरोध करने के बाद करीब 50-60 युवकों ने उन्हें और उनके साथियों को घेर लिया और लाठी-डंडे तथा शराब की बोतलों से हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्होंने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।

घटना में घनश्याम मंडल और रवि मोदक भी घायल हुए हैं। तीनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया।

महिलाओं से कथित छेड़खानी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

घटना की जानकारी सामने आने के बाद हल्दीपोखर और आसपास के क्षेत्रों में ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने कांवड़ यात्रा के दौरान महिलाओं के साथ कथित छेड़खानी एवं अभद्र व्यवहार की निंदा करते हुए आरोपियों की पहचान कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

समाचार लिखे जाने तक कोवाली थाना में मामले की प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी नहीं थी। पुलिस जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और हमले में शामिल लोगों की संख्या एवं भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.