सरायकेला-खरसावां। जिले में खनिजों के अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग की टीम ने इचागढ़ थाना क्षेत्र के सोरों में छापेमारी कर करीब 3.50 लाख CFT अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथि के नेतृत्व में खान निरीक्षक की टीम ने सोरों क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मौके पर भारी मात्रा में बालू अवैध रूप से भंडारित पाया गया। इसके बाद टीम ने बालू को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इचागढ़ थाना को सुपुर्द कर दिया।
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथि ने कहा कि जिले में खनिजों के अवैध कारोबार पर किसी भी सूरत में ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ प्रचलित कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले की खनिज संपदा के अवैध दोहन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग की ओर से नियमित निगरानी, औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















