Jamshedpur : जमशेदपुर जिला बार संघ की कार्यकारिणी समिति की 11 अगस्त 2026 को हुई बैठक में अधिवक्ताओं के हित में लिए गए विभिन्न निर्णयों को लेकर जिला बार संघ के लाइब्रेरी हॉल में अधिवक्ताओं ने संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का अभिनंदन कर आभार जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने जिला बार संघ के अध्यक्ष रतिंद्र नाथ दास, महासचिव कुमार राजेश रंजन, उपाध्यक्ष बलाई पांडा, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष समेत पूरी कार्यकारिणी समिति के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार, नए और पुराने दोनों कोर्ट परिसर में एक-एक काउंटर खोला जाएगा, जहां सभी आवश्यक कागजात की बिक्री की व्यवस्था होगी। इसके बाद बाहरी वेंडरों द्वारा कागजात की बिक्री नहीं की जाएगी। यह व्यवस्था 1 सितंबर 2026 से लागू होगी। इसके अलावा पुराने कोर्ट परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने का भी निर्णय लिया गया है।
अधिवक्ताओं के लिए बढ़ाई गई आर्थिक सहायता
संघ द्वारा नियमित रूप से प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं के लिए बीमारी की स्थिति में मिलने वाली आर्थिक सहायता को बढ़ाया गया है। सामान्य बीमारी की स्थिति में सहायता राशि 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है, जबकि असाध्य बीमारी की स्थिति में अधिवक्ताओं को दो लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी।
किसी अधिवक्ता की मृत्यु होने पर मिलने वाली सहायता राशि को एक लाख से बढ़ाकर 2.51 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त निधन की स्थिति में परिवार को तत्काल अंतिम संस्कार के लिए 20 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।
महिला अधिवक्ता के पति अथवा पुरुष अधिवक्ता की पत्नी के बीमार होने पर भी जिला बार संघ की ओर से 25 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है। वहीं, अधिवक्ताओं की पुत्रियों के विवाह के अवसर पर संघ की ओर से 51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
पदाधिकारियों का किया गया अभिनंदन
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता परमजीत कुमार श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने जिला बार संघ के अध्यक्ष रतिंद्र नाथ दास का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। महासचिव कुमार राजेश रंजन का अधिवक्ता अक्षय कुमार झा, विनोद कुमार मिश्रा, अमित कुमार, राजीव रंजन, राजेश चौधरी समेत अन्य अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया।
उपाध्यक्ष बलाई पांडा का भी अधिवक्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान पूरी कार्यकारिणी समिति के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया गया। समारोह के दौरान नए एवं पुराने दोनों कोर्ट परिसरों में नगाड़े की गूंज के बीच अधिवक्ताओं ने खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम में अधिवक्ता नीरज कुमार, विद्युत नंदी, आशीष कुमार दत्त, सुनील कुमार मोहंती, विवेक कुमार, केशव सिंह, सत्य प्रकाश, जगन्नाथ, जसपाल, बिंदु कुमारी वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य विनीत मिश्रा, लूसी कश्यप सहित करीब 200 से अधिक अधिवक्ता उपस्थित रहे।

















