Manoharpur : जराइकेला से राउरकेला मार्ग पर चलने वाली ऐश्वर्या बस रोडवेज की यात्री बस संख्या OD 14 AK 476 में सोमवार सुबह करीब सात बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलकर खाक हो गई। हालांकि घटना के समय बस में कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, बस होरो घर से जराइकेला बस स्टैंड की ओर जा रही थी। इसी दौरान अरूप नंदी के घर के पास बस से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी। इसके बाद चालक और खलासी समय रहते बस से बाहर निकल गए।
बस रुकने के कुछ ही देर बाद उसमें आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी गई, लेकिन समय रहते आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। आग बुझने तक बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी।
घटना में चालक और खलासी पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी यात्री के बस में सवार नहीं होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है।















