Jamshedpur : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के गोलमुरी स्थित आकाशदीप प्लाजा के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल मोदक के रूप में हुई है। वह पुरुलिया का रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, अनिल मोदक बाइक से आकाशदीप प्लाजा के समीप से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रहे एक बड़े वाहन का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद दुर्घटना में शामिल वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया।
घटना की जांच के दौरान पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि फुटेज के आधार पर दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान की जा सके और फरार चालक तक पहुंचा जा सके।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।
















