Adityapur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आदित्यपुर नगर समिति के तत्वावधान में नगर अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान के नेतृत्व में बंतानगर स्थित निर्मल चौक पर वीर शहीद निर्मल महतो की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान की अध्यक्षता में श्रद्धांजलि सभा का भी आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए झामुमो आदित्यपुर नगर सचिव कृष्ण चंद्र महतो, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिवाकर झा, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष संगीता प्रधान तथा झारखंड आंदोलनकारी सह जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष खिरोद सरदार ने शहीद निर्मल महतो के संघर्ष और योगदान को याद किया।

वक्ताओं ने कहा कि निर्मल महतो ने झारखंड की अस्मिता, अधिकार और अलग राज्य के आंदोलन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष और बलिदान झारखंड के युवाओं एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। श्रद्धांजलि सभा का संचालन नगर उपाध्यक्ष लाल बाबू सरदार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वार्ड नंबर 33 के अध्यक्ष लाला मुखी ने किया।
कार्यक्रम में वार्ड नंबर 33 के अध्यक्ष लाला मुखी, पूर्व पार्षद प्रदीप मुखी, नगर उपाध्यक्ष राजेश लाहा, नगर कोषाध्यक्ष डोनाल्ड मंडल, बाबू तिवारी, महिला नेत्री बैजंती बारी, मिसर बंसारियार, सबिता साव, मंजू सिंह, चंद्रशेखर गुप्ता, महिला नेत्री बेला दोराई, चंदू सहित झामुमो एवं कांग्रेस के कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
















