NTHA लगातार पांचवीं बार करेगा ‘नवल टाटा’ हॉकी झारखंड सब-जूनियर और जूनियर राज्य चैंपियनशिप की मेजबानी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

JAMSHEDPUR, 7 AUGUST : नवल टाटा हॉकी अकादमी (NTHA) 10 से 14 अगस्त तक ‘नवल टाटा’ हॉकी झारखंड सब-जूनियर एवं जूनियर राज्य चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी करेगा। यह लगातार पांचवीं बार है, जब NTHA को इस प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।

पांच दिवसीय इस चैंपियनशिप में झारखंड के विभिन्न जिलों से 140 से अधिक युवा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। NTHA की टीम सब-जूनियर और जूनियर दोनों वर्गों में पिछले दो वर्षों से लगातार चैंपियन रही है। ऐसे में इस बार भी टीम की नजर घरेलू मैदान पर खिताबी हैट्रिक पूरी करने पर होगी।

प्रतियोगिता को दोनों आयु वर्गों के लिए दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। सब-जूनियर वर्ग के मुकाबले 10 अगस्त से शुरू होंगे और 12 अगस्त को तीसरे स्थान के मुकाबले तथा फाइनल के साथ इसका समापन होगा। इसके बाद 12 अगस्त की शाम से जूनियर वर्ग के मुकाबले शुरू होंगे, जो 14 अगस्त की शाम तक चलेंगे।

सब-जूनियर वर्ग में टीमों को दो पूल में बांटा गया है। पूल ए में NTHA के साथ सिमडेगा, गुमला और रामगढ़ हैं, जबकि पूल बी में खूंटी, हजारीबाग, रांची और पश्चिमी सिंहभूम की टीमें शामिल हैं। जूनियर वर्ग के पूल ए में NTHA, खूंटी, गुमला और जामताड़ा हैं, जबकि पूल बी में सिमडेगा, रांची, हजारीबाग और पश्चिमी सिंहभूम को रखा गया है।

NTHA प्रबंधन ने चैंपियनशिप की मेजबानी को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के राज्य स्तरीय आयोजन झारखंड में हॉकी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। 140 से अधिक युवा खिलाड़ियों की भागीदारी से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है।

हॉकी ऐस फाउंडेशन टाटा स्टील और टाटा ट्रस्ट की संयुक्त पहल है, जिसके अंतर्गत नवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर और ओडिशा नवल टाटा हॉकी हाई-परफॉर्मेंस सेंटर, भुवनेश्वर शामिल हैं। फाउंडेशन जमीनी स्तर से लेकर उच्च प्रदर्शन स्तर तक हॉकी के विकास और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण एवं समग्र विकास उपलब्ध कराने की दिशा में काम करता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें