JAMSHEDPUR : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 9 अगस्त को प्रस्तावित विशाल तिरंगा यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा सोनारी मंडल की ओर से शुक्रवार को सोनारी के कागलनगर सेंटर में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के बीच राष्ट्रीय ध्वज का वितरण किया गया।
भाजपा जिला प्रवक्ता अखिलेश सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने आम नागरिकों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं से 9 अगस्त को बड़ी संख्या में शामिल होकर यात्रा को भव्य बनाने की अपील की।
जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त 2026, रविवार को सुबह 11 बजे साकची स्थित सुभाष मैदान (आमबागान) में कार्यकर्ताओं का जुटान होगा, जहां से विशाल तिरंगा यात्रा शुरू की जाएगी।
आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, सम्मान और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से तिरंगा यात्रा में सहभागी बनकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने की अपील की।
















