Potka : पोटका प्रखंड की कोवाली पंचायत अंतर्गत कुत्सूरी गांव में सिंचाई नाला जीर्णोद्धार कार्य को लेकर शुक्रवार को विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। ग्रामीणों ने भाजपा नेता एवं जिला परिषद सदस्य सविता सरदार के पति मनोज सरदार पर विधायक मद से कराए जा रहे निर्माण कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप करने तथा पैसे मांगने का आरोप लगाया।
ग्रामीणों के अनुसार, विधायक संजीव सरदार की पहल पर गांव में सिंचाई नाला के जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है। उनका आरोप है कि कुछ दिन पहले मनोज सरदार निर्माण स्थल पर पहुंचे और कार्य की देखरेख कर रहे मुंशी से पैसों की मांग की। ग्रामीणों का दावा है कि अगले दिन भी वे दोबारा पहुंचे और फिर पैसे की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पैसे नहीं मिलने पर निर्माण कार्य का वीडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा उपायुक्त से शिकायत करने की बात कही गई। उनका कहना है कि इस पर मुंशी ने स्पष्ट किया कि अभी तक जीर्णोद्धार कार्य का भुगतान ही नहीं हुआ है, इसलिए पैसे देने का सवाल ही नहीं उठता।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सिंचाई नाला निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन पहले इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई। अब जब विधायक संजीव सरदार की पहल पर कार्य शुरू हुआ है तो उसमें व्यवधान उत्पन्न करने की कोशिश की जा रही है। कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में विकास से जुड़े अन्य कार्यों के दौरान भी इसी तरह की आपत्तियां उठाई जाती रही हैं।
ग्रामीणों ने विधायक संजीव सरदार द्वारा कराए जा रहे सड़क, सिंचाई और अन्य विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कुछ लोग कथित रूप से विकास कार्यों में बाधा डालने और उगाही की मंशा से ऐसे विवाद खड़े कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की है।
















