‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर भाजपा ने कसी कमर, 9 अगस्त को जमशेदपुर में निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 9 से 15 अगस्त तक चलने वाले अभियान के तहत शहरभर में तिरंगा यात्रा, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।

बैठक में आगामी 9 अगस्त को साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से भव्य तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यात्रा में समाज के सभी वर्गों, युवाओं, महिलाओं, प्रबुद्धजनों एवं गणमान्य नागरिकों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। इसके अलावा 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा लगातार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों की भावना को मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।


अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया। संजीव सिंह को जिला संयोजक, जबकि पप्पू सिंह और प्रकाश दुबे को सह-संयोजक बनाया गया। समिति पूरे अभियान की निगरानी और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेगी।


बैठक के उपरांत जमशेदपुर महानगर के सभी 28 मंडल अध्यक्षों को राष्ट्रीय ध्वज सौंपे गए। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का दायित्व सौंपा गया।

इसी क्रम में भाजपा कार्यालय में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में 9 अगस्त की तिरंगा यात्रा को भव्य एवं सफल बनाने के लिए युवाओं की भूमिका, जनसंपर्क अभियान और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। युवाओं ने अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

बैठक में भाजयुमो प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल, जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा सहित भाजपा एवं भाजयुमो के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी अभियान की सफलता के लिए अपने सुझाव दिए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें