सरायकेला-खरसावां: राष्ट्रीय गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत गुरुवार को चांडिल स्थित एसएस+2 हाई स्कूल में मुख एवं दंत स्वास्थ्य जांच शिविर, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (एनसीडी) डॉ. कामिनी लता के निर्देशन में आयोजित हुआ।
शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. शानदार हसन रिजवी और डॉ. पूनम कुमारी ने 120 छात्र-छात्राओं के मुख एवं दंत स्वास्थ्य की जांच की। जांच के बाद विद्यार्थियों को दांतों की स्वच्छता, संतुलित आहार और दंत रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
डॉ. पूनम कुमारी ने सही तरीके से ब्रश करने की विधि समझाते हुए तंबाकू और गुटखा सेवन के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तंबाकू उत्पादों का सेवन मुख कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। वहीं, वरीय दंत चिकित्सक डॉ. रीना सिंह ने भी विद्यार्थियों और शिक्षकों से तंबाकू से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में समय-समय पर ऐसे जागरूकता अभियान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को तंबाकू मुक्त जीवन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।

















