POTKA : पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत स्थित उर्दू बालिका मध्य विद्यालय को उच्च विद्यालय (10वीं तक) में अपग्रेड करने की पहल पर विधायक संजीव सरदार का बुधवार को विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और छात्राओं ने शिक्षा के क्षेत्र में इस पहल के लिए विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया।
पंचायत की मुखिया फरजाना सुल्तान ने कहा कि अब तक विद्यालय में उच्च कक्षाओं की व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था। विद्यालय के उच्च विद्यालय में अपग्रेड होने से अब क्षेत्र की छात्राओं को अपने ही पंचायत में बेहतर शिक्षा की सुविधा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने हल्दीपोखर मुख्य सड़क से पंचायत तक सड़क निर्माण तथा टाउन फीडर से विद्युतीकरण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग का ज्ञापन भी विधायक को सौंपा।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में उच्च कक्षाओं की पढ़ाई शुरू कराने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि तकनीकी कारणों से रुकी सड़क निर्माण एवं विद्युतीकरण योजनाओं की बाधाएं दूर कर जल्द कार्य शुरू कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. शहाबुद्दीन ने किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्ला, झामुमो नेता सुनील महतो, जिकरुल होदा, सैयद समीउल्लाह, उपमुखिया शाहिद परवेज, ग्राम प्रधान मो. असलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और छात्राएं उपस्थित रहीं।
















