Jamshedpur : लौहनगरी जमशेदपुर में बढ़ते नशापान, असामाजिक गतिविधियों और हिंसात्मक घटनाओं के खिलाफ गीता थिएटर जमशेदपुर (ग्रेट इंडियन थिएटर एसोसिएशन) ने व्यापक जन-जागरूकता अभियान शुरू करने की घोषणा की है। संस्था हर रविवार शहर के विभिन्न मोहल्लों और चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को नशे और अपराध से दूर रहने का संदेश देगी।
अभियान के तहत नाट्य ट्रस्ट के सचिव एवं नागरिक सुरक्षा (पूर्वी सिंहभूम) के सदस्य प्रेम कुमार दीक्षित के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अभियान के संचालन के लिए प्रशासनिक सहयोग की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि शहर के विभिन्न इलाकों में ब्राउन शुगर, शराब और अन्य नशीले पदार्थों के बढ़ते प्रचलन के कारण युवाओं में हिंसा, चापड़बाजी और आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही है। इससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। संस्था का उद्देश्य नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को नशे और अपराध के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा युवाओं को कला और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
गीता थिएटर ने जिला प्रशासन से अभियान के लिए प्रशासनिक अनुमति, परिवहन सहयोग, स्थानीय पुलिस के समन्वय तथा जिला स्तर के सांस्कृतिक एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों में संस्था को शामिल करने का अनुरोध किया है। संस्था का कहना है कि कला के माध्यम से सीधे लोगों के बीच पहुंचकर सामाजिक बदलाव की प्रभावी पहल की जाएगी।
संस्था की अध्यक्ष गीता कुमारी ने शहर के युवाओं, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने मोहल्ले, चौक या सार्वजनिक स्थल पर नशा विरोधी नुक्कड़ नाटक का आयोजन कराने के लिए संस्था से संपर्क कर सकता है। उन्होंने समाज के लोगों से इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग देने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी, सचिव प्रेम दीक्षित, युवा अध्यक्ष अनंत सरदार, खुशी पांडेय, तमन्ना राव, गंगा मंडल, आयुष चौरसिया, ममता सिंह, आकाश, करण, सूरज, देवू सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित थे।
















