Potka : विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मंगलवार को रंभा कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड फार्मेसी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “लेट्स ब्रेक इट डाउन” के अनुरूप विद्यार्थियों को हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक करते हुए समय पर जांच, टीकाकरण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. किरण परवीन पांडेय एवं मानस कुमार मंडल ने कहा कि हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए समय पर जांच, सुरक्षित रक्त आधान, सुरक्षित इंजेक्शन का उपयोग, स्वच्छता और हेपेटाइटिस-बी का टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में जागरूकता फैलाने की अपील भी की।
इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर रिया रुचि तिग्गा ने हेपेटाइटिस के कारण, लक्षण, संक्रमण के तरीके, उपचार और बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सही जानकारी और समय पर उपचार से इस बीमारी को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान बीएससी नर्सिंग द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा अनीशा ने पावरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से हेपेटाइटिस के जोखिम, रोकथाम और जनजागरूकता के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने हेपेटाइटिस के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
















