जमशेदपुर में बनेगा अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स के बीच एमओयू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi : झारखंड में आधुनिक एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड सरकार के परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच जमशेदपुर में इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च (IDTR) की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के परिवहन क्षेत्र, कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईडीटीआर की स्थापना से युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित ड्राइविंग प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा को भी नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रशिक्षित चालकों के निर्माण के साथ-साथ परिवहन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पलामू, सरायकेला-खरसावां, धनबाद सहित विभिन्न जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया, आवेदन की समयसीमा और आने वाली समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को लंबित आवेदनों का त्वरित और पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आवेदक को लाइसेंस प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से हेवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनाने पर उन्होंने जोर दिया।

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। महिलाओं के लिए ड्राइविंग प्रशिक्षण, लर्निंग लाइसेंस और ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया को अधिक सुलभ बनाया जाएगा, ताकि वे कौशल विकास के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में आज 10 हजार से अधिक नागरिकों को ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिया कि सभी पात्र आवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स की यह साझेदारी केवल ड्राइविंग प्रशिक्षण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सड़क सुरक्षा, दुर्घटना नियंत्रण, अनुसंधान और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुआ, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, सचिव राजीव रंजन, परिवहन आयुक्त संजीव कुमार बेसरा, पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन, टाटा मोटर्स के प्लांट हेड अनुराग छारिया, जनरल मैनेजर गोलम मंडल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें