Musabani : मुसाबनी के अग्रसेन भवन में रविवार को स्वयंसेवी संस्था सेवक की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, समाज सेवा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों के साथ-साथ मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संस्था ने समाज सुधार और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए पांच सूत्री सामाजिक अभियान की भी घोषणा की।
संस्था के अभियान में नशा मुक्ति, युवा सशक्तिकरण, महिला जागरूकता, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, यूसीआईएल के महाप्रबंधक मनोरंजन माहली, मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार रजवाड़, थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह, ग्राम प्रधान गुलिया किस्कु तथा मुखिया रामचंद्र मुर्मू उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक कुणाल सारंगी ने कहा कि समाज में नशाखोरी, घरेलू हिंसा और अन्य सामाजिक कुरीतियां लगातार बढ़ रही हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए सामाजिक संगठनों की सक्रिय भूमिका अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी मध्यवर्गीय परिवारों के लिए आर्थिक संकट का कारण बन जाती है। ऐसे जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए नाम्या फाउंडेशन के माध्यम से सेवक संस्था के साथ सहयोग करने की बात भी उन्होंने कही।
जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी सामाजिक कुरीतियां और घरेलू हिंसा जैसी समस्याएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। इन बुराइयों को समाप्त करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवक संस्था के सौरभ चक्रवर्ती, सोमा माहतो, सुरेश माहली, बादल लामा सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को टॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में समाज के प्रति सकारात्मक सोच और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

















