मूसलाधार बारिश से उफान पर कारो नदी, बोकना मार्ग जलमग्न; गुवा-बड़ाजामदा संपर्क बाधित

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa :  पश्चिमी सिंहभूम के गुवा एवं आसपास के क्षेत्रों में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। लगातार वर्षा के कारण कारो नदी उफान पर आ गई, जिससे बोकना स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप बने पुल के ऊपर करीब चार फीट तक पानी बहने लगा। सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया, जिसके कारण गुवा, बड़ाजामदा, किरीबुरू और चाईबासा के बीच संपर्क प्रभावित हो गया।

मार्ग बंद होने से दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों, स्कूली छात्रों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाते हुए हाथी चौक नाका गेट के रास्ते बड़ाजामदा की ओर जाना पड़ा, जिससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ गए।

लगातार हो रही बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़क किनारे के पेड़ भी धराशायी हो गए। इससे यातायात और अधिक प्रभावित हुआ तथा कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन ने लोगों से जलमग्न मार्गों से गुजरने का प्रयास नहीं करने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के हर मौसम में कारो नदी का जलस्तर बढ़ने से बोकना मार्ग डूब जाता है। इसके बावजूद अब तक इस स्थायी समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों ने मांग की है कि इस मार्ग पर ऊंचे पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि मानसून के दौरान क्षेत्र का संपर्क बार-बार बाधित न हो और लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें