Jamshedpur : झारखंडी भाषा भाषी मूलनिवासी संघ का तीसरा स्थापना दिवस रविवार को घाटशिला स्थित विभूति बिहार में पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष आनंद हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष संजय बेहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत मौभंडार स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद संगठन के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केक काटकर स्थापना दिवस मनाया गया।
बैठक में संघ द्वारा पिछले तीन वर्षों में किए गए जनहित कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही झारखंडी विचारधारा, भाषा, संस्कृति, सभ्यता एवं आदिवासीयत के संरक्षण और संवर्धन के लिए भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
संघ के केंद्रीय प्रवक्ता रामचंद्र सोरेन ने पांच सूत्री प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रस्ताव के आधार पर भविष्य में विभिन्न जनहित के मुद्दों पर जनआंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने झारखंडी एकता को मजबूत करने और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय महासचिव मुकेश कर्मकार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन केंद्रीय सचिव प्रकाश मुखी ने किया।
इस अवसर पर सलाहकार सुराई बास्के, सुनील माद्री, सुजाता मंडी, कंचन करुवा, सुनील कुमार बानसिंह, मनोज मुखी, बिंदु सोरेन, महेश करुवा, अजय मुखी, रवि मुखी, सुनील मुखी, गोविंद बेहरा सहित संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

















