यूसील ने सीएसआर के तहत 280 छात्राओं को वितरित किए योगा मैट, ‘मेगा पेरेंट्स डे’ में स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसील) के आंध्र प्रदेश स्थित तुम्मापल्ली यूरेनियम प्रोजेक्ट प्रबंधन ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), वेमुला की 280 छात्राओं को योगा मैट वितरित किए। यह वितरण आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ‘मेगा पेरेंट्स डे’ कार्यक्रम के दौरान किया गया।

विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योगा मैट प्राप्त कर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में यूसील के उप महाप्रबंधक (यांत्रिक) प्रभास रंजन, उप महाप्रबंधक (भूविज्ञान) डॉ. विजय कुमार, मुख्य अधीक्षक (भौतिकी) डॉ. बी. नवीन कुमार रेड्डी सहित भूमि अधिग्रहण अधिकारी एवं सीएसआर से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि प्रभास रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की विश्व को अमूल्य देन है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन, अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि बचपन से योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने से विद्यार्थी तनावमुक्त रहते हैं, उनकी स्मरण शक्ति बढ़ती है और पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने में सहायता मिलती है।

उन्होंने बताया कि योगा मैट अभ्यास के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक सतह उपलब्ध कराते हैं, जिससे विद्यार्थी सही मुद्रा में योग कर सकते हैं और चोट लगने की आशंका भी कम होती है। उन्होंने छात्राओं से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया।

प्रभास रंजन ने कहा कि यूसील अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों को वर्षों से प्राथमिकता देता रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजहित में इस प्रकार की पहल भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें