जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये और झारखंड के युवाओं के साथ हुए अन्याय के विरोध में शुक्रवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर द्वारा साकची स्थित जिला कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय के समीप जुबली पार्क गोलचक्कर तक विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान राहुल गांधी का पुतला दहन कर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया।
विरोध मार्च को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं पर केंद्र सरकार ने कठोर कानून बनाए हैं, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था की है। इसके बावजूद कांग्रेस लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर विरोध की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी और जेएसी परीक्षाओं से जुड़े कथित पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं पर कांग्रेस मौन है। साथ ही उन्होंने आपातकाल और छात्र आंदोलनों के दमन का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की अपेक्षा रखते हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा भर्ती घोटालों की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
भाजपा नेताओं ने कहा कि विरोध कार्यक्रम पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया तथा पार्टी युवाओं के हितों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आगे भी आवाज उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, बिनोद सिंह, गुंजन यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रीता मिश्रा, कुलवंत सिंह ‘बंटी’, हलधर नारायण साह, जटाशंकर पांडे, पवन अग्रवाल, हरिकिशोर तिवारी, मनोज सिंह, अमरजीत सिंह ‘राजा’, राजीव सिंह, कृष्णा शर्मा, संजीत चौरसिया, विभिन्न मंडल अध्यक्षों, मोर्चा पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

















