सरायकेला। सरायकेला थाना पुलिस ने तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की सहायता से गुम हुए चार मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया गया और विधिवत सत्यापन के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार तकनीकी शाखा के सहयोग से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक की गई। सफल ट्रैकिंग के बाद शुक्रवार को सभी चारों मोबाइल बरामद कर आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी की गई और उनके वास्तविक मालिकों को वापस कर दिया गया।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लाभुकों ने सरायकेला पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि पुलिस की सक्रिय पहल के कारण उन्हें उनका कीमती सामान वापस मिल सका।
इस संबंध में थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल गुम हो जाए या चोरी हो जाए, तो वह तत्काल CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर समय रहते शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में काफी सुविधा होती है।
थाना प्रभारी ने नागरिकों से अपने मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखने तथा मोबाइल गुम होने की स्थिति में बिना देर किए पुलिस को सूचना देने और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

















