नई दिल्ली। केंद्र सरकार और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों के बीच जारी गतिरोध को समाप्त करने के प्रयास में शुक्रवार को दिल्ली में अहम बैठक हुई। सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने CJP के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका के साथ वार्ता की।
बैठक के बाद CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने दावा किया कि सरकार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर निर्णय लेने के लिए शनिवार दोपहर तक का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि संगठन को उम्मीद है कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी।
रांका ने यह भी दावा किया कि सरकार ने संगठन की दो अन्य मांगों—परीक्षा अनियमितताओं से प्रभावित होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज एफआईआर और अन्य कानूनी मामलों को वापस लेने—पर सिद्धांततः सहमति जताई है।
हालांकि CJP ने स्पष्ट किया कि उसका प्रमुख मुद्दा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा है और जब तक इस पर निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
इस बीच CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने आशंका जताई कि सरकार आंदोलन को कमजोर करने के लिए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने का प्रयास कर सकती है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा। उनका कहना था कि यदि सरकार वास्तव में गतिरोध समाप्त करना चाहती है, तो इसका समाधान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे में ही है।

















