नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET पेपर लीक मामले पर देश को संबोधित करते हुए कहा कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है, बल्कि यह लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को लेकर गंभीर है और पिछले ढाई महीनों में कई अहम कदम उठाए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि पेपर लीक मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। साथ ही, सरकार ने कम समय में 22 लाख विद्यार्थियों की परीक्षा दोबारा कराने की व्यवस्था की और 19 तारीख को परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिए गए।
PM मोदी ने कहा कि सरकार केवल यहीं तक सीमित नहीं रहेगी। उन्होंने बताया कि फास्ट-ट्रैक कोर्ट और दोषियों के लिए कठोर सजा का प्रावधान करने वाले मसौदे पर काम पूरा हो चुका है। यह प्रस्ताव कैबिनेट की बैठक में रखा जाएगा और सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संसद के दूसरे सप्ताह में इस विधेयक को जल्द से जल्द सदन में पेश कर पारित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

















