नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुए दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर नंदकिशोर ने घटना को लेकर अपनी आपबीती साझा की है। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने अचानक हिंसक रुख अपनाया और वर्दीधारी सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाया।
इंस्पेक्टर नंदकिशोर के मुताबिक, वह नाइट ड्यूटी पर थे और वाहन पार्क करने के बाद पैदल संसद मार्ग की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में माहौल सामान्य था, लेकिन संसद मार्ग पहुंचने पर करीब ढाई हजार लोगों की भीड़ मौजूद थी। उनका आरोप है कि इसके बाद भीड़ उग्र हो गई और करीब 150 लोगों ने उन पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने समय रहते उन्हें भीड़ से बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं।
इंस्पेक्टर नंदकिशोर का दावा है कि हमलावरों ने विशेष रूप से पुलिस, CRPF और अन्य वर्दीधारी सुरक्षाबलों को निशाना बनाया। उनके अनुसार, पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया और जो भी सुरक्षाकर्मी अकेला दिखाई दिया, उस पर हमला किया गया।

















