Jamshedpur : शहर में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतारामडेरा थाना पुलिस ने ह्यूमपाइप स्थित इन्द्रानगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला, उसके बेटे और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 38 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 4.32 ग्राम) तथा बिक्री से प्राप्त 4,820 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले की जानकारी सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में दी।
सिटी एसपी ने बताया कि रविवार शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इन्द्रानगर निवासी भारती कैबर्तो अपने घर से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चला रही है। सूचना का सत्यापन कराने के बाद सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से भारती कैबर्तो के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 40 वर्षीय भारती कैबर्तो, उसका 22 वर्षीय बेटा विशाल कैबर्तो तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी में पुलिस ने 38 पुड़िया ब्राउन शुगर और 4,820 रुपये नकद बरामद कर जब्त कर लिया।
प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने बताया कि भारती कैबर्तो पहले से पुलिस रिकॉर्ड में पेशेवर ड्रग्स तस्कर के रूप में दर्ज है। उसके खिलाफ सीतारामडेरा, जुगसलाई और सोनारी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं उसके बेटे विशाल कैबर्तो के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सिटी एसपी ने कहा कि शहर में नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
छापेमारी अभियान में दंडाधिकारी के रूप में कनीय अभियंता उमाशंकर के अलावा सीतारामडेरा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।









