Jamshedpur : भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर की महत्वपूर्ण मासिक संगठनात्मक बैठक शनिवार को भालूबासा स्थित आशीष किशोर सभागार में महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, बूथ सशक्तिकरण, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा जनसरोकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए पिछले एक माह में आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों एवं पार्टी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक बूथ पर नियमित बैठक आयोजित कर स्थानीय समस्याओं की पहचान की जाए तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के समर्पण और सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए आगामी सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा एवं उत्साह के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का मंडलों के सभी बूथों पर शत-प्रतिशत आयोजन सुनिश्चित करने वाले पांच मंडल अध्यक्षों को सम्मानित किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए बूथ समितियों को सक्रिय करना, नए सदस्यों को जोड़ना तथा आम जनता से सतत संवाद बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का प्रपत्र भरवाने, मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में सहयोग करने तथा बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर संगठन को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि उनके समाधान के लिए समन्वित प्रयास किए जा सकें।

बैठक को पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मीरा मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी तथा चंद्रशेखर मिश्रा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता, आगामी कार्यक्रमों की सफलता तथा जनहित के मुद्दों पर संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन हित में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री जितेंद्र राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ने किया।
बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव, राजन सिंह, मनोज सिंह, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, जटाशंकर पांडेय, रीता मिश्रा, जिला पदाधिकारी संजीव सिंह, प्रदीप महतो, बबुआ सिंह, रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, राजीव सिंह, मुचिराम बाउरी, तन्मय झा, रिंकू सिंह, रीना चौधरी, रेणु सिन्हा, कृष्णा शर्मा काली, संजीत चौरसिया, प्रेम झा, अखिल सिंह, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, अमित सिंह, उज्ज्वल सिंह, किशोर ओझा, राकेश दुबे, हलधर नारायण साह, नीतीश कुशवाहा, नीलु मछुआ, मंजीत सिंह, सागर राय, रमेश बास्के, पोरेश मुखी, विजय तिवारी, सुबोध झा, पवन अग्रवाल, खेमलाल चौधरी, अप्पा राव, अजय श्रीवास्तव, हरिकिशोर तिवारी समेत विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी उपस्थित रहे।








