दुबिल आयरन ओर माइंस पर गतिरोध बरकरार, 200 लोगों को रोजगार की मांग पर त्रिपक्षीय वार्ता बेनतीजा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur  : दुबिल आयरन ओर माइंस में रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर जारी आंदोलन के बीच शुक्रवार को मनोहरपुर साइडिंग स्थित सेल गेस्ट हाउस में त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु की मौजूदगी में करीब ढाई घंटे तक चली बैठक में सेल प्रबंधन, सेल की अधिकृत ठेका कंपनी और स्थानीय ग्रामीणों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी। ग्रामीण 200 स्थानीय लोगों को तत्काल रोजगार देने की मांग पर अड़े रहे, जिसके चलते वार्ता बेनतीजा समाप्त हो गई।

बैठक के दौरान सेल प्रबंधन और ठेका कंपनी ने लिखित आश्वासन देते हुए प्रस्ताव रखा कि पहले चरण में आंदोलनरत बेरोजगार युवाओं में से 10 से 15 युवकों को नई ठेका कंपनी के माध्यम से तत्काल रोजगार दिया जाएगा। इसके अलावा शेष स्थानीय बेरोजगारों को आगामी तीन माह के भीतर कार्य की उपलब्धता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से रोजगार देने की बात कही गई। प्रबंधन ने अतिरिक्त 15 लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए उच्च प्रबंधन को प्रस्ताव भेजने का भी आश्वासन दिया।

हालांकि ग्रामीणों ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और 200 स्थानीय लोगों को तत्काल रोजगार देने की मांग पर कायम रहे। मांग पूरी नहीं होने के कारण बैठक बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त हो गई।

गौरतलब है कि स्थानीय ग्रामीण रोजगार सहित विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 15 दिनों से चिड़िया स्थित दुबिल आयरन ओर माइंस के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलन के कारण माइंस का संचालन पूरी तरह ठप है, जिससे सेल प्रबंधन और अधिकृत ठेका कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बैठक में एसडीएम अरुण उरांव, चिड़िया सेल के सीजीएम सी.बी. कुमार, खान प्रबंधक रवि रंजन, डीजीएम (माइनिंग) एस.एस. राव, डीजीएम (माइनिंग) आर.के. पत्री, सेल की अधिकृत ठेका कंपनी एन.के. मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि हरदेव सिंह गोल्डी एवं तनवीर सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सीताराम गोप तथा आंदोलनरत ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें