साकची श्री शिव मंदिर में सावन भर गूंजेगी शिवभक्ति, हरियाली महोत्सव के तहत सिंधारा उत्सव व विशाल कांवड़ यात्रा का होगा आयोजन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : साकची बाजार स्थित श्री शिव मंदिर में आगामी सावन माह 2026 को भव्य धार्मिक आयोजनों के साथ हरियाली महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसे लेकर शिव मंदिर समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे सावन माह को भक्ति, हरियाली और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ मनाने का निर्णय लिया गया।

समिति ने बताया कि सावन माह के दौरान प्रतिदिन संध्या बेला में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ किया जाएगा। साथ ही मंदिर को हरे रंग की आकर्षक सजावट एवं प्राकृतिक हरियाली से सजाया जाएगा, जिससे संपूर्ण वातावरण शिवमय और भक्तिमय बना रहेगा।

कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 13 अगस्त (गुरुवार) को माताओं एवं बहनों के लिए विशेष सिंधारा उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर झूले, मेहंदी, गीत-संगीत तथा सावन से जुड़ी पारंपरिक सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होगा, जिससे महिलाएं उत्सव का आनंद ले सकेंगी।

वहीं 16 अगस्त (रविवार) को भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है।

शिव मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से इन आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।

बैठक में समिति के अध्यक्ष गिरधारी लाल खेमका, महासचिव मोहित शाह, कोषाध्यक्ष आशीष खन्ना, ओमप्रकाश रिंगसिया, उमेश शाह, बजरंग अग्रवाल, नरेश खंडेलवाल, सुभाष शाह, गौरव जवानपुरिया, शिवम चेतानी, अमन नरेडी, पवन खेमका सहित शिव मंदिर समिति एवं श्याम परिवार, साकची के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें