Jamshedpur : सुंदरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत केरूआडूंगरी पंचायत के तालसा गांव में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मलेरिया जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 106 ग्रामीणों की मलेरिया जांच की गई। जांच रिपोर्ट में राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति में मलेरिया संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।
शिविर के दौरान केरूआडूंगरी पंचायत के मुखिया कान्हु मुर्मू ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखना, जलजमाव नहीं होने देना, नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करना तथा शाम के समय पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनना मलेरिया से बचाव के प्रभावी उपाय हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बुखार या मलेरिया जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए, ताकि समय पर उपचार शुरू हो सके।
मुखिया ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मलेरिया से बचाव के प्रति जागरूक करें, जिससे पूरे पंचायत क्षेत्र को मलेरिया मुक्त बनाया जा सके। शिविर में वार्ड सदस्य, सहिया साथी, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







