आदित्यपुर में बंद मकान का ताला तोड़ चार लाख की चोरी, जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur  : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत 11 नंबर रोड स्थित एक बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार मकान मालिक विपिन कुमार झा अपनी बेटी और दामाद से मिलने पुणे गए हुए हैं। कई दिनों से मकान बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर में प्रवेश कर गए। इसके बाद बेडरूम में रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, महंगी घड़ियां और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय लोगों ने मकान का टूटा हुआ ताला देखकर पड़ोस में रहने वाले परिजन को इसकी सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला और उसमें रखे जेवरात एवं अन्य कीमती सामान गायब थे। चोरी हुए सामान के खाली डिब्बे भी कमरे में बिखरे पड़े मिले।

सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा स्थानीय लोगों और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है।

प्रारंभिक जांच में जिस तरह से चोरों ने सीधे अलमारी और लॉकर को निशाना बनाया, उससे पुलिस को संदेह है कि वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति की संलिप्तता हो सकती है, जिसे घर और उसमें रखे सामान की जानकारी थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

घटना के बाद 11 नंबर रोड और आसपास के इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस ने बताया कि मकान मालिक विपिन कुमार झा को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके लौटने के बाद चोरी हुए सामान की विस्तृत सूची तैयार कर प्राथमिकी में शामिल की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें