Jamshedpur : शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति, हिमांशु हत्याकांड और बढ़ते अपराधों के विरोध में तीन जुलाई को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित जमशेदपुर बंद के दौरान टेल्को थाना में दर्ज प्राथमिकी को लेकर सोमवार को टेल्को सेक्टर मार्केट में भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक हुई। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और प्राथमिकी की प्रतियों का अध्ययन करते हुए आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
उल्लेखनीय है कि टेल्को थाना में टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, घोड़ाबांधा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, जिला महामंत्री जितेंद्र राय, राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष कल्याणी शरण सहित 18 भाजपा नेताओं एवं कई अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बैठक को संबोधित करते हुए जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाली पार्टी है और हमेशा संविधान के दायरे में रहकर जनता की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि यदि झूठे मुकदमों के माध्यम से कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का प्रयास किया गया तो भाजपा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगी।
प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह ने दर्ज प्राथमिकी को पूरी तरह झूठा, मनगढ़ंत और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को अपराध का स्वरूप देकर भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने और उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्राथमिकी में ऐसी धाराएं जोड़ी गई हैं, जिनका उल्लेख बंद के दौरान किसी प्रशासनिक या मीडिया रिपोर्ट में नहीं था।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भाजपा ने शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और हिमांशु हत्याकांड के विरोध में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से बंद का आयोजन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर प्रशासन ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन के माध्यम से कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी से कथित निराधार धाराओं को हटाने तथा शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, सुधांशु ओझा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह, कल्याणी शरण, हलधर नारायण साह, संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जितेंद्र राय, राजीव सिंह, तन्मय झा, सागर राय, अप्पा राव, खेमलाल चौधरी, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, नीरज शर्मा सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, प्रभारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








