Jamshedpur : भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर की ओर से सोमवार को बिष्टुपुर स्थित चेंबर ऑफ कॉमर्स भवन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण पर्व के अवसर पर भव्य छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में शहर के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं, प्रबुद्धजनों तथा भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, मुख्य वक्ता भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा थे। सभी अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्य वक्ता शशांक राज ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि युवाओं को डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रभक्ति, त्याग और सेवा के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है और विकसित एवं सशक्त भारत के निर्माण की जिम्मेदारी आज के युवाओं के कंधों पर है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की अखंडता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन व्यवस्था के तहत जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा प्राप्त था, जिसका डॉ. मुखर्जी ने विरोध करते हुए “एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे” का नारा दिया और इसके लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के साथ डॉ. मुखर्जी के संकल्प को साकार किया गया। साथ ही उन्होंने कश्मीर और पश्चिम बंगाल से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की तत्कालीन नीतियों की आलोचना की।

कार्यक्रम के अंत में भाजयुमो जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष एवं कोल्हान विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने सभी अतिथियों, छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने सम्मेलन में युवाओं की बड़ी भागीदारी को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रवाद के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, जिला मीडिया सह प्रभारी अखिल सिंह, प्रदीप मुखर्जी, अमिताभ सेनापति, प्रकाश दुबे, नीलू मछुआ, शैलेश गुप्ता, राहुल तिवारी, चंदन चौबे, अभिषेक डे सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा एवं भाजपा-भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








