दक्षिण बागबेड़ा के शिव नगर में पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण में भारी अनियमितता का आरोप

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा पंचायत अंतर्गत दक्षिण बागबेड़ा, शिव नगर में सरकारी योजना के तहत कराए जा रहे पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों और सरकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सड़क निर्माण से पहले आवश्यक खुदाई नहीं की गई और न ही निर्धारित मानकों के अनुरूप मुरूम या बेस लेयर बिछाई गई। इसके बावजूद सीधे पेवर ब्लॉक बिछाकर सड़क निर्माण पूरा कर दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का निर्माण कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो सकता है, जिससे सरकारी राशि का नुकसान होगा।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य तथा पंचायत के वीडीओ (Village Development Officer) की मिलीभगत से कार्य कराया गया है। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए तो कई गंभीर अनियमितताएं सामने आ सकती हैं।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं ग्रामीण विकास विभाग से मिलकर उपरोक्त मामले की उच्चस्तरीय जांच करने की बात कही है। उन्होंने पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भूमिका की जांच  कराए जाने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें