Jadugoda : आदिम जनजाति सबर समुदाय के दो मेधावी विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के सपने को नई उड़ान मिली है। समाजसेवी सोमाय टुडू की पहल पर डुमरिया प्रखंड के दो प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं सोनिया सबर और मंगल सबर का नामांकन विद्या निकेतन प्लस-टू विद्यालय, हल्दीपोखर (पोटका) में कराया गया। साथ ही उन्होंने दोनों विद्यार्थियों की छात्रावास एवं विद्यालय की मासिक फीस का पूरा खर्च वहन करने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, सोनिया सबर और मंगल सबर डुमरिया प्रखंड की केंदुआ पंचायत अंतर्गत लांगो गांव के पाड़सीगाजाड़ टोला के निवासी हैं। दोनों ने पोटका प्रखंड के ग्वालकाटा स्थित सबर जनजाति आवासीय छात्रावास में रहकर मैट्रिक की पढ़ाई पूरी की। इस वर्ष आयोजित मैट्रिक परीक्षा में सोनिया सबर ने 410 अंक (82 प्रतिशत) और मंगल सबर ने 389 अंक (77 प्रतिशत) प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले इन दोनों विद्यार्थियों के सामने आगे की पढ़ाई जारी रखना चुनौती बन गया था। इसकी जानकारी मिलने पर समाजसेवी सोमाय टुडू ने उनकी शिक्षा का दायित्व उठाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे की शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए। यदि समाज के सक्षम लोग आगे आएं तो ऐसे कई बच्चों का भविष्य संवारा जा सकता है।
सोमाय टुडू की इस पहल से दोनों विद्यार्थियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। सोनिया और मंगल ने कहा कि अब उनका आगे पढ़ने का सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने समाजसेवी सोमाय टुडू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बेहतर शिक्षा प्राप्त कर समाज और अपने समुदाय का नाम रोशन करने का संकल्प लिया।









