लतारसिका और चेतनसिका में अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लतारसिका और चेतनसिका गांव में अवैध महुआ शराब के निर्माण के खिलाफ पुलिस एवं उत्पाद विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित करीब पांच महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को नष्ट करते हुए लगभग 2000 लीटर जावा महुआ भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

यह संयुक्त अभियान मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार और उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने दोनों गांवों के जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण स्थलों की पहचान की और उन्हें पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

छापेमारी के दौरान शराब बनाने में उपयोग होने वाले ड्रम, बर्तन, पाइप और अन्य उपकरण भी जब्त कर नष्ट कर दिए गए। हालांकि पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही अवैध शराब निर्माण में संलिप्त लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अवैध कार्यों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, भंडारण या बिक्री हो रही हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस और उत्पाद विभाग ने कहा कि अवैध महुआ शराब न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह लोगों के स्वास्थ्य और समाज के लिए भी गंभीर खतरा है। इसी को देखते हुए जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से संयुक्त अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.