Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अंतर्गत ब्लॉक नंबर 20/02/3, रोड नंबर-1 स्थित एक सूने मकान में गुरुवार देर रात चोरी की घटना सामने आई है। चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकान मालिक सुनील कुमार पिछले छह माह से अपने परिवार के साथ आदित्यपुर स्थित आशियाना में रह रहे हैं। वे समय-समय पर बागबेड़ा स्थित अपने घर की देखभाल के लिए आते-जाते थे। दो दिन पहले उनकी पत्नी पुत्र के साथ घर आई थीं और अगले दिन सुबह वापस आदित्यपुर लौट गई थीं।
बताया जाता है कि गुरुवार रात करीब 1:30 बजे से 2:00 बजे के बीच चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर प्रवेश किया। इसके बाद अंदर के दरवाजे की कुंडी और ताला भी तोड़ दिया। चोर करीब दो घंटे तक घर के अंदर रहे और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने घर का मुख्य दरवाजा खुला देखा तो इसकी सूचना सुनील कुमार को दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया। घटना की लिखित शिकायत बागबेड़ा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, अभिषेक उपाध्याय तथा वार्ड सदस्य प्रतिनिधि कुमार विशाल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं झरना मिश्रा ने संयुक्त रूप से कहा कि बागबेड़ा कॉलोनी में पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने बागबेड़ा बजरंगी मैदान एवं वायरलेस मैदान में हाई मास्ट लाइट लगाने, रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने तथा वायरलेस मैदान में नशेड़ियों के अड्डों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी कर पूरे मामले का खुलासा करने की भी मांग की।









