Jamshedpur : हिमांशु हत्याकांड और राज्य में बढ़ते अपराध के विरोध में एनडीए द्वारा आहूत बंद के दौरान शुक्रवार को आदित्यपुर में आरआईटी थाना पुलिस ने भाजपा के 16 से अधिक वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ता रोड नंबर-19 से चार नंबर रोड की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध-प्रदर्शन किया और राज्य सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, हत्या, चोरी तथा नियुक्ति से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करते हुए कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं में प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, मंडल अध्यक्ष अभिषेक विशाल, जिला मंत्री ललन शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अमितेश अमर, जिला मंत्री सतीश शर्मा, मंडल महामंत्री बिट्टू पांडे, मंडल प्रभारी अनिल मिश्रा, शैलेश शर्मा, कृष्णा प्रधान, रंजन प्रजापति, विजय मोदक, आलोक श्रीवास्तव, धीरज लोहार, शांतनु चक्रवर्ती, रवि कुमार और अमित कुमार शामिल हैं।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से आम जनता में भय का माहौल है। पुलिस ने सभी हिरासत में लिए गए नेताओं और कार्यकर्ताओं को आरआईटी थाना ले जाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।









