गोइलकेरा में वज्रपात से एक की मौत, एक गंभीर; चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड स्थित गुरगुड़िया गांव में गुरुवार शाम हुए वज्रपात की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से झुलस गया। घायल का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे 51 वर्षीय पुतुल नायक और 48 वर्षीय प्रशांत गोप अपने घर के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान बारिश के साथ तेज वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने पारंपरिक तरीके से दोनों के शरीर पर गोबर का लेप लगाकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया। हालत में सुधार नहीं होने पर दोनों को निजी वाहन से तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान पुतुल नायक की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे प्रशांत गोप को प्राथमिक उपचार के बाद इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गुरगुड़िया गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बरसात के मौसम में वज्रपात के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.