Chaibasa : मनोहरपुर प्रखंड की पूर्वी पंचायत अंतर्गत मनीपुर गांव में गुरुवार शाम करंट लगने से एक बैल की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने तथा ट्रांसफार्मरों के आसपास विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, मनीपुर निवासी सुगड़ जोजो का बैल गांव के मंदिर के समीप स्थित ट्रांसफार्मर के पास घास चर रहा था। इसी दौरान बारिश के कारण ट्रांसफार्मर के अर्थिंग तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। बैल जैसे ही अर्थिंग तार के संपर्क में आया, उसे जोरदार बिजली का झटका लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए। उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि बरसात के मौसम में ट्रांसफार्मरों और अर्थिंग तारों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही लोगों को विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करने और संभावित खतरे वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की भी मांग की गई।









