Manoharpur : वन्यजीव संरक्षण और मानव जीवन की सुरक्षा के लिए वर्षों से नि:स्वार्थ सेवा कर रहे मनोहरपुर के सर्प मित्र कुशल मुखी को गुरुवार को स्नेक कैचर उपकरण प्रदान किया गया। झामुमो नेता सह पश्चिमी सिंहभूम जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव ने उन्हें यह उपकरण सौंपते हुए उनके साहस, समाजसेवा और वन्यजीव संरक्षण के प्रति समर्पण की सराहना की तथा भविष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
पुराना मनोहरपुर हरिजन टोला निवासी कुशल मुखी लंबे समय से रिहायशी इलाकों और घरों में घुसने वाले सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उनके इस कार्य से क्षेत्र के अनेक लोगों की जान बची है और वन्यजीव संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।
हाल ही में नंदपुर गांव में एक विषैले नाग के रेस्क्यू के दौरान कुशल मुखी सर्पदंश का शिकार हो गए थे। सांप ने उनके बाएं हाथ में काट लिया था, जिसके बाद प्राथमिक उपचार के उपरांत उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला रेफर किया गया। समय पर उपचार मिलने से उनकी स्थिति सामान्य हो गई।
इसी घटना को देखते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें स्नेक कैचर उपकरण उपलब्ध कराया गया है। इस उपकरण की मदद से वे भविष्य में अधिक सुरक्षित, तेज और प्रभावी तरीके से सर्प रेस्क्यू अभियान चला सकेंगे।
बरसात के मौसम में मनोहरपुर और आनंदपुर क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर उसे स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यूकर्ता से संपर्क करें। वहीं सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय उपचार कराएं।








