3 जुलाई का बंद सरकार के खिलाफ नहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए है : सरयू राय

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद का उद्देश्य सरकार के खिलाफ माहौल बनाना नहीं, बल्कि डीडी बार हत्याकांड के फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने होंगे और सरकार को इस बंद को अपने खिलाफ नहीं लेना चाहिए।

बिष्टुपुर स्थित अपने आवास पर आयोजित सर्वसमाज एवं सर्वदलीय बैठक को संबोधित करते हुए सरयू राय ने कहा कि हत्या जैसे संवेदनशील मामलों पर किसी भी व्यक्ति या राजनीतिक दल को निजी अथवा राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंद पूरी तरह शांतिपूर्ण और स्वतःस्फूर्त होना चाहिए ताकि प्रशासन तक एक स्पष्ट संदेश पहुंचे कि शहर की जनता अपराध और अपराधियों के खिलाफ एकजुट है।

उन्होंने सभी व्यवसायियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और बड़ी कंपनियों से शुक्रवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने सरकारी कार्यालयों से भी इस संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से लेने की अपील की।

सरयू राय ने कहा कि शहर में बढ़ती अड्डेबाजी, जुआ, शराबखोरी और अन्य नशे से जुड़ी गतिविधियां पुलिस की निगरानी में संचालित होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस व्यवस्था को जवाबदेह बनाना होगा। उन्होंने थाना स्तर पर गठित शांति समितियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इनमें सक्षम और जिम्मेदार लोगों को शामिल किया जाना चाहिए।

बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी शिवशंकर सिंह ने कहा कि शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए व्यापक जनआंदोलन की आवश्यकता है। वहीं झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह ने दावा किया कि पिछले पांच-छह महीनों में शहर में चापड़बाजी की 1300 घटनाएं हुई हैं, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की एक समन्वय समिति गठित कर ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

बैठक में उषा यादव, अजय कुमार, संजय मिश्रा, रमेश कुमार, मुश्ताक अहमद, भास्कर मुखी और अंजलि सिंह सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दौरान डीडी बार हत्याकांड में मृत हिमांशु सिंह की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक का संचालन सुबोध श्रीवास्तव ने किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें