बढ़ते अपराध के विरोध में भाजपा गोलमुरी मंडल की हुंकार, 2 जुलाई को मशाल जुलूस और 3 जुलाई के बंद को सफल बनाने की रणनीति

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : पूर्वी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत भाजपा गोलमुरी मंडल की मासिक सांगठनिक बैठक बुधवार को सीपी समिति सभागार में मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड समेत शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए 2 जुलाई को प्रस्तावित मशाल जुलूस और 3 जुलाई को आहूत जमशेदपुर बंद को सफल बनाने की रणनीति तय की गई।

बैठक में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि शहर में चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे का कारोबार, महिलाओं के साथ छिनतई जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि प्रशासन प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रहा है।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि कभी शांत और औद्योगिक नगरी के रूप में पहचान रखने वाला जमशेदपुर आज अपराध के साये में जी रहा है। उन्होंने कहा कि हिमांशु सिंह हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की उदासीनता और प्रशासनिक विफलता के कारण अपराध पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर जनता की आवाज बनकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और हिमांशु सिंह को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची आवश्यक है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने और आवश्यक सुधार कार्य में सहयोग करना चाहिए।

मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने कहा कि भाजपा गोलमुरी मंडल 2 जुलाई के मशाल जुलूस और 3 जुलाई के प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को क्षेत्र में पूरी ताकत के साथ सफल बनाएगा। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराध के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है और भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से जनभावनाओं को आवाज देगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में एसआईआर अभियान, स्थानीय जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। साथ ही बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री अशोक सामंत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मंडल महामंत्री अमिश अग्रवाल ने दिया। बैठक में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी दिनेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हलधर नारायण साह, जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें