Adityapur : ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा सतत आजीविका के अवसर विकसित करने के उद्देश्य से सोमवार को सरायकेला प्रखंड के सिदडीह गांव में पेपर प्लेट निर्माण मशीन स्थापना विषयक एक दिवसीय कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण का आयोजन झारखंड ट्राइबल डेवलपमेंट सोसाइटी (जेटीडीएस) के डीपीएमयू, सरायकेला-खरसावां द्वारा नाबार्ड-एलईडी (NABARD-LED) परियोजना के तहत किया गया। प्रशिक्षण में राजनगर प्रखंड की तीन तथा सरायकेला प्रखंड की तीन स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की कुल 60 महिला प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर शेफाली महतो ने प्रतिभागियों को पेपर प्लेट निर्माण मशीन की स्थापना, संचालन, रखरखाव, सुरक्षा उपाय, कच्चे माल की लोडिंग, गुणवत्ता नियंत्रण, उत्पादन प्रक्रिया, लागत निर्धारण तथा उद्यम प्रबंधन से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी जानकारी दी। इसके अलावा बाजार की मांग, व्यावसायिक संभावनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में पेपर प्लेट निर्माण आधारित स्वरोजगार के अवसरों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों का कौशल मानचित्रण (स्किल मैपिंग) किया गया। समूहवार गतिविधियों के माध्यम से वर्तमान में संचालित आजीविका कार्यों एवं भविष्य में अपनाए जाने वाले संभावित व्यवसायों का आकलन किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों ने चार्ट पेपर के माध्यम से अपने-अपने समूह की कार्ययोजना एवं आजीविका संबंधी संभावनाओं का प्रस्तुतीकरण भी किया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की क्षमता एवं कौशल का विकास करना, पेपर प्लेट निर्माण आधारित उद्यम के लिए इच्छुक महिलाओं की पहचान करना, मशीन संचालन एवं रखरखाव का तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराना तथा महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़कर आय के स्थायी स्रोत विकसित करना रहा।
समापन सत्र में प्रतिभागियों के साथ भविष्य की कार्ययोजना तैयार की गई तथा प्रशिक्षण के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया। इस अवसर पर जेटीडीएस, डीपीएमयू, सरायकेला-खरसावां के अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद चयनित स्वयं सहायता समूहों को पेपर प्लेट निर्माण मशीन की स्थापना एवं उद्यम शुरू करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण और आय सृजन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में डीपीएम नीरज नयन सहित जेटीडीएस, डीपीएमयू, सरायकेला-खरसावां के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।








